रिचार्ज पूरा,सेवा शून्य! तीन दिन से एयरटेल नेटवर्क बंद, ग्राहक पूछ रहे जवाबदेह कौन?
डही नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से एयरटेल नेटवर्क की समस्या ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मोबाइल पर न तो ठीक से कॉल लग रही है और न ही इंटरनेट सेवा सुचारू रूप से चल पा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा है और कस्टमर केयर भी सिर्फ औपचारिकता निभा रहा है।
नेटवर्क ठप होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, ऑनलाइन काम करने वाले युवाओं तथा बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों का कहना है कि मोबाइल रिचार्ज और महंगे प्लान लेने के बावजूद उन्हें सेवा नहीं मिल रही है, जबकि कंपनी की ओर से न तो समस्या का कारण बताया जा रहा है और न ही समाधान की कोई समय-सीमा दी जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब नेटवर्क ही नहीं मिल रहा तो उपभोक्ताओं से पूरे शुल्क की वसूली क्यों की जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर करोड़ों ग्राहकों वाली कंपनी के पास ऐसी आपात स्थिति से निपटने की क्या व्यवस्था है?
हाल के महीनों में देश के कई हिस्सों में एयरटेल नेटवर्क बाधित होने की खबरें सामने आई हैं और हजारों उपभोक्ताओं ने सेवा बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई है। नगर के आसपास क्षैत्र में तीन दिनों से नेटवर्क बंद है तो कंपनी की जवाबदेही कौन तय करेगा?कस्टमर केयर समस्या का समाधान करने में असफल क्यों साबित हो रहा है?क्या उपभोक्ताओं को खराब सेवा के बदले मुआवजा मिलेगा?आखिर कब तक ग्राहक सिर्फ आश्वासनों के भरोसे रहेंगे?

G9News Online News Portal