डही क्षेत्र के विकास को लेकर सोशल मीडिया अभियान शुरू, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को चेतावनी — मांगें पूरी नहीं हुईं तो डही बंद पर होगा विचार
डही। क्षेत्र के विकास को लेकर सोशल मीडिया पर एक जन-जागरण अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान का उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का विरोध नहीं, बल्कि डही को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए जनमत तैयार करना है।
अभियान के माध्यम से कहा गया है कि वर्षों से डही क्षेत्र के युवा उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। वहीं अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने से युवाओं को अपने परिवार और गांव छोड़कर बाहर जाना पड़ रहा है।
जेडी डावर का कहना है कि “हमें डही की अनदेखी नहीं, डही का विकास चाहिए। हमें वादे नहीं, ज़मीन पर काम चाहिए।”
मुख्य मांगें -डही में शासकीय महाविद्यालय की स्थापना।
-सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार।
-स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्योग स्थापित कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
अभियान के संयोजक जेडी डावर ने क्षेत्र की जनता से सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक जुड़ने और इस जनआवाज़ को जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन तक पहुँचाने की अपील की है।
साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जनप्रतिनिधि और प्रशासन शीघ्र ही इन मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं देते हैं, तो डही के वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र की जनता से मार्गदर्शन एवं सहमति लेकर “डही बंद” जैसे लोकतांत्रिक जनआंदोलन पर विचार किया जाएगा।
जेडी डावर का कहना है कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और जनहित में होगा। उनका उद्देश्य केवल इतना है कि वर्षों से उपेक्षित डही को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उसका अधिकार मिले तथा विकास कार्य धरातल पर दिखाई दें।
नारा: “जन-जन की यही पुकार, डही को मिले विकास का अधिकार।”
“हमें डही की अनदेखी नहीं, विकास चाहिए। वादे नहीं, ज़मीन पर काम चाहिए।”
G9News Online News Portal