Breaking News

ग्रामीणों के बीच पहुँचे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सदस्य प्रियांक कानूनगो ने पेयजल से लेकर शिक्षा तक की समस्याएँ सुनीं

ग्रामीणों के बीच पहुँचे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सदस्य प्रियांक कानूनगो ने पेयजल से लेकर शिक्षा तक की समस्याएँ सुनीं

आलीराजपुर – प्रियांक कानूनगो ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर आमजन की समस्याओं को नजदीक से समझा। कुक्षी प्रवास के दौरान सामाजिक मुद्दों एवं मिशन D3 को लेकर हुई चर्चा के बाद उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में जाकर जमीनी स्थिति देखने का निर्णय लिया।

ग्राम फाटा पहुँचकर उन्होंने जननायक टंटया भील की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे साथियों के साथ करीब 3 किलोमीटर अंदर स्थित कंजर फलिये पहुँचे, जहाँ ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएँ सुनीं।

ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जंगली जानवरों के हमलों में पशुहानि पर मुआवजा नहीं मिलने सहित कई समस्याएँ रखीं। इस दौरान कानूनगो ने स्वयं टेस्ट किट से हैंडपंप के पानी की जांच की, जिसमें पानी निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा।

वही नल जल योजना के बारे में जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया तो पाया गया की पटेल फलिया अतिरिक्त ग्राम के अन्य फलियों में या इसी पंचायत के ग्राम वास्कल में भी इसका प्रभावी क्रियान्वयन नही किया गया है।

उन्होंने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने, जरूरतमंद बच्चों को शासकीय छात्रावासों में प्रवेश दिलाने तथा किसी भी समस्या की जानकारी सीधे देने की अपील की।

दौरे के दौरान जिलेभर के जर्जर स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों की सूची तथा फर्जी ST प्रमाण पत्रों के मामलों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया। इस पर विस्तृत चर्चा करते हुए निराकरण की मांग रखी गई।

चर्चा के दौरान पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह रोकने और नाबालिग बच्चियों को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। मिशन D3 के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

ग्रामीणों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग सदस्य के इस जमीनी दौरे को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा,केरम जमरा,सुनील सोलंकी,भग्गू सोलंकी,तेरसिंह टैगोर,प्रेमसिंह चौहान सहित काफ़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Check Also

धार जिले की डही विकासखंड के चार शिक्षकों ने शासन के 41.80 लाख हड़पे थे,सभी निलंबित

🔊 Listen to this धार जिले की डही विकासखंड के चार शिक्षकों ने शासन के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *