डही में निर्झरणी महोत्सव सहित विभिन्न आयोजन हुए
नृत्य नाटिका में दिखाई मां नर्मदा की महिमा
डही। मध्य प्रदेश शासन संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से डही में नर्मदा प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां आयोजित निर्झरणी महोत्सव में कलाकारों ने धर्म और अध्यात्म के रंग भरे। इसे देख दर्शक भाव विभोर हो गए।निर्झरणी महोत्सव में मुकेश दरबार एवं साथी कलाकार नेपानगर द्वारा निमाड़ी लोक गायन की संगीतमय सुंदर प्रस्तुति दी गई।
सिद्धा सांई एवं साथी कलाकार नर्मदापुरम द्वारा नर्मदा के आध्यात्मिक महत्व पर आधारित भक्ति गायन की प्रस्तुति दी गई। जिसने समां बांध दिया। सदाशिव नाट्य कला समिति भोपाल द्वारा जीवनदायनी मां नर्मदा पर नृत्य नाटिका की प्रस्तुति काफी सराही गई। इसमें मां नर्मदा की महिमा का सुंदर चित्रण जब मंच पर कलाकारों ने अवतरित किया तो दर्शक नर्मदा के प्रति कृतज्ञता और धन्यता के भाव में डूब गए। स्थानीय पुलिस ग्राउंड पर शाम 6:30 बजे से निर्झरणी महोत्सव आयोजित हुआ। यह कार्यक्रम 3 घंटे चला।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक मुकाम सिंह किराड़े, प्रदेश भाजपा मंत्री जयदीप पटेल, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, मंडल भाजपा अध्यक्ष डही पूनम मंडलोई, मंडल भाजपा अध्यक्ष बड़दा कैलाश डावर आदि के आतिथ्य में हुआ। संचालन बीआरसी मनोज दुबे ने किया। इस अवसर पर एसडीएम विशाल धाकड़, जनपद पंचायत सीईओ प्रभात द्विवेदी, बीईओ राजेश कुमार सिन्हा, थाना प्रभारी दिलीप कुमार तड़ेवला सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनमानस और विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।
नर्मदा तट पर साफ सफाई कर महा आरती हुई
इसके पूर्व दोपहर के वक्त में ग्राम धरमराय कुआं में नर्मदा तट पर एसडीएम विशाल धाकड़ सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारियों तथा ग्रामीणों ने नर्मदा तट पर व्यापक साफ सफाई की। वही शाम को ग्राम कातरखेड़ा में नर्मदा नदी पर पूजन अर्चन का कार्यक्रम विधि विधान से संपन्न हुआ। इसमें विधायक सुरेंद्र सिंह हनी बघेल, प्रदेश भाजपा मंत्री पटेल, भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष पाटीदार,पूर्व विधायक किराड़े,एसडीएम विशाल धाकड़ आदि ने पूजन- महाआरती कार्यक्रम में शिरकत की।