ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत डही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खेत से गांजे के 59 हरे पौधे जब्त
138.49 किलोग्राम गांजा बरामद, बाजार मूल्य करीब 20.70 लाख रुपये; आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
डही । अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत डही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 59 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 138.49 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस कार्रवाई के अनुसार, आरोपी द्वारा कपास की फसल के बीच नाले के किनारे स्थित खेत में गांजे की अवैध खेती की जा रही थी। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और गांजे के 59 हरे पौधे बरामद किए।
मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ डही पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई की गंभीरता और पुलिस टीम की सक्रियता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का प्रहार
डही क्षेत्र में खेतों के भीतर कपास की फसल की आड़ में गांजे की खेती का मामला सामने आना चिंता का विषय है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों की खेती करने वालों में सख्त संदेश गया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच पाती है या नहीं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी डही उप निरीक्षक शरद बर्डे, सहायक उप निरीक्षक थानसिंह जमरा, प्रधान आरक्षक चन्दरसिंह चौगड़, प्रधान आरक्षक बसंत रावत , प्रधान आरक्षक राकेश डावर, आरक्षक संजय, आरक्षक सौरभ एवं आरक्षक अम्बाराम का सराहनीय योगदान रहा।

G9News Online News Portal