Breaking News

मप्र में नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का खेल! लोकायुक्त ने 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते CEO को पकड़ा

मप्र में नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का खेल! लोकायुक्त ने 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते CEO को पकड़ा

सतनाः मध्यप्रदेश के सतना में लोकायुक्त पुलिस रीवा ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्ण चंद्र शर्मा (के.सी. शर्मा) को 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सतना के प्रेम नगर स्थित एक किराए के मकान में की गई। 

बताया गया कि शिकायतकर्ता सिद्धार्थ ओझा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सतना की नागौद शाखा में समिति प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। उनके कार्यक्षेत्र में पटवारा, रीछुल और दुरेहा समितियां आती हैं। शिकायतकर्ता ने वर्ष 2025-26 में 32 हजार 300 क्विंटल धान की खरीदी की थी। आरोप है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सतना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शर्मा द्वारा धान खरीदी के कमीशन के रूप में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की अवैध रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत नहीं देना चाहने पर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा तीन रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 96 हजार रुपये की रिश्वत मांगना पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लोकायुक्त टीम गठित कर बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। लोकायुक्त टीम ने आरोपी कृष्ण चंद्र शर्मा को शिकायतकर्ता से 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा सात के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय रीवा के निरीक्षक नरेश बेहरा और निरीक्षक एस.आर.मरावी सहित लोकायुक्त पुलिस की टीम शामिल रही।

Check Also

बैंक ऑफ इंडिया में बड़ी वित्तीय अनियमितता लॉकर से 46 लाख गायब, कैशियर फरार  बैंक प्रबंधक ने देर रात थाने में दिया आवेदन, जांच रिपोर्ट आने के बाद उठेगा पूरे मामले से पर्दा 

🔊 Listen to this बैंक ऑफ इंडिया में बड़ी वित्तीय अनियमितता लॉकर से 46 लाख …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *