Breaking News

बड़वानी: शासकीय विधि महाविद्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया संविधान दिवस

बड़वानी:शासकीय विधि महाविद्यालय में गरिमामय रूप से मनाया गया संविधान दिवस

डॉ. पुष्पेंद्र मालवीया✍️

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बड़वानी महेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में संविधान दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।

शासकीय विधि महाविद्यालय, बड़वानी में आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री कपिल वर्मा, अपर सत्र न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बड़वानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविंद्र सिंह चौहान, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार कुल्हारे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री कपिल वर्मा, अपर सत्र न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बड़वानी ने अपने उद्बोधन में भारतीय संविधान की महत्ता, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय, समानता एवं स्वतंत्रता का आधार स्तंभ है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक जागरूकता के माध्यम से समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को न्याय दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल ने अपने उद्बोधन में निःशुल्क विधिक सहायता एवं न्याय तक सभी की समान पहुंच के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समान न्याय का अधिकार प्रदान करता है। आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे विधिक साक्षरता एवं जागरूकता के प्रसार में सक्रिय योगदान दें तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाएं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविंद्र सिंह चौहान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संविधान दिवस के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विधि के विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वे संविधान के आदर्शों एवं विधिक मूल्यों को समझकर भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक एवं संवेदनशील विधि विशेषज्ञ के रूप में समाज की सेवा करें।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार कुल्हारे ने संविधान दिवस के आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल सिद्धांतों को अपने आचरण में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार कुल्हारे ने मुख्य अतिथि श्री कपिल वर्मा, विधिक सहायता अधिकारी श्री रॉबिन दयाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविंद्र सिंह चौहान, उपस्थित प्राध्यापकगण, अतिथियों एवं समस्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाने में सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक श्री रविश मटसेनिया एवं सुश्री आयुषी बमनका, डॉ. राधु भंवर क्रीड़ाधिकारी, डॉ. थानसिंह गेहलोत ग्रंथपाल तथा समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के संकल्प के साथ हुआ।

Check Also

धार : डही में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 87 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त धार जिले में आबकारी

🔊 Listen to this डही में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 87 बल्क लीटर अवैध मदिरा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *